आपकी योजना-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में ऑन-स्पॉट कटा जमीन का रसीद, भू-स्वामियों में हर्ष

पलामू में 24 नवंबर से 26 दिसंबर तक आयोजित शिविर में 594 भू-स्वामियों को रसीद कटने का मिला लाभ

palamu-राज्य सरकार की ओर से पूरे राज्य में आयोजित “आपकी योजना-आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत योग्य एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ के साथ-साथ भू-स्वामियों को भी जमीन की जटिलताओं से संबंधित समस्याओं का निदान हुआ। पलामू जिले में 24 नवंबर से 26 दिसंबर 2023 तक आयोजित “आपकी योजना-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम” के तहत 594 भू-स्वामियों के आवेदनों पर आवश्यक प्रक्रियायाओं को पूर्ण करते हुए भूमि की ऑनलाइन रसीद काटी गई। आवेदन देने के उपरांत मिनटों एवं कुछ ही घंटों में अपने हाथ में रसीद पाकर वर्षो से अंचल एवं जिला कार्यालय का दौड़ लगाकर निराश भू-स्वामियों का चेहरा खुशी से भर उठा। उन्हें लगा कि उनकी एवं उनके पूर्वजों की गाढ़ी कमाई की भूमि अब कानूनी रूप से उनकी है। भू-स्वामियों ने खुशी जताने के साथ -साथ स्थानीय जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। साथ ही झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन को भी अलग-अलग अंदाज में धन्यवाद किया।
विदित हो कि 24 नवंबर से 26 दिसंबर 2023 तक आयोजित आपकी योजना-आपकी सरकार आपके द्वारा कार्यक्रम के तहत 390 शिविर का आयोजन किया गया। इन शिविरों में जमीन की कागजी/दस्तावेजी जटिलताओं से परेशान 1133 भू-स्वामियों ने रसीद काटने हेतु आवेदन किया। इनमें से आवश्यक प्रक्रियाओं को पूर्ण करते हुए 594 आवेदनों का त्वरित निष्पादन करते हुए लाभुकों को भूमि की ऑनलाइन रसीद मिल गई। 594 व्यक्तियों के कई एकड़ जमीन की रसीद मिलने से उन्हें अंचल एवं जिला कार्यालय में भागदौड़ से निजात मिली। अंचल कार्यालयों में लोगों को जाना संभव नहीं हो पाता था, लेकिन वही सुविधा गांव-पंचायत में होने से भू-स्वामियों का त्वरित कार्य हो गया।
यह कार्य अपर समाहर्ता से लेकर अंचल अधिकारी एवं राजस्व से जुड़े पदाधिकारी एवं कर्मियों का समन्वय से संभव हो सका। 508 आवेदन प्रक्रियाधीन है। आवश्यक कागजी कार्रवाई के उपरांत इसे भी निष्पादित किया जायेगा। भू-अभिलेख के साथ मिलान नहीं होने के कारण 31 आवेदनों को निरस्त कर दिया गया है।

लाभुक:1
झाबर ग्राम निवासी मो० अजीमुद्दीन अंसारी ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से जमीन की रसीद कटाने जाने में असुविधा होती थी। विभिन्न कागजातों की उपलब्धता नहीं होने के कारण उनके भूमि का रसीद नहीं कट पा रहा था। आपकी योजना-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत उनके गांव-पंचायत में ही लगे शिविर में आवेदन देने के उपरांत कुछ मामूली जांच-पड़ताल के बाद उनके भूमि का रसीद कट गया। शिविर में अन्य लोगों को भी सरकार की योजनाओं का लाभ मिला।
लाभुक:2

कांके कला पंचायत के ब्रहमोरिया गांव निवासी अमित कुमार यादव ने बताया कि अंचल कार्यालय में बारबार जाना संभव नहीं हो पाता था। इसलिए उनके जमीन की रसीद नहीं कट पा रही थी। वह पिछले कई महीनों से इसके लिए परेशान थे, लेकिन उनके पंचायत में लगे शिविर में आवेदन देने के दो घंटे में ही रसीद उनके हाथ में मिल गया। गांव में शिविर लगने से उन्हें फायदा हुआ। शिविर में त्वरित काम हो गया। इसके लिए उन्होंने सरकार एवं पलामू प्रशासन को धन्यवाद दिया है।
लाभुक:3

झाबर गांव निवासी उमर मियां ने झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन को धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारी द्वारा उनके पंचायत में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कई जरूरतमंद लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिला। साथ ही उन्हें भी जमीन का रसीद मिल गया। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि रसीद कटाने को लेकर चिंता बनी रहती थी। शिविर में कोशिश सफल हो गई।
![]()




