इलामी-बागानपाड़ा सड़क व गार्डवाल निर्माण में अनियमितता की जांच की मांग तेज
बाबूलाल मरांडी ने डीसी को पत्र लिखकर तकनीकी जांच व जिम्मेदारों पर कार्रवाई की उठाई मांग


पाकुड़। झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने इलामी-बागानपाड़ा पीसीसी सड़क और गार्डवाल निर्माण में कथित अनियमितता की जांच की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने पाकुड़ उपायुक्त को पत्र लिखकर ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद योजना को जांच सूची से बाहर रखने के मामले की भी जांच कराने की मांग की है।
मरांडी ने कहा कि इलामी पंचायत में डीएमएफटी मद से निर्मित सड़क और सत्तार मौलवी के घर के पास बने गार्डवाल की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों द्वारा शिकायत की गई थी। इसके बावजूद संबंधित योजना को जांच के दायरे में शामिल नहीं किया जाना गंभीर विषय है।
उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि 16 अगस्त को उन्होंने मुख्यमंत्री को भी इस मामले में जांच के लिए पत्र भेजा था। इसके बाद 18 अगस्त को विभिन्न योजनाओं की स्थल जांच के लिए जांच दल गठित किया गया, लेकिन जांच सूची में इलामी-बागानपाड़ा सड़क और गार्डवाल योजना को शामिल नहीं किया गया, जिसे उन्होंने संदेहास्पद बताया है।
नेता प्रतिपक्ष ने सड़क की लंबाई, चौड़ाई, मोटाई तथा निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की तकनीकी जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने स्वीकृत प्राक्कलन, मापी पुस्तिका, बिल-वाउचर और भुगतान संबंधी अभिलेखों की भी जांच कराने पर जोर दिया है।
उन्होंने यह भी मांग की है कि योजना को जांच सूची से बाहर रखने वाले संबंधित पदाधिकारी या कर्मी की भूमिका की अलग से जांच की जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी या संरक्षण की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ प्राथमिकी दर्ज करने की भी मांग की गई है।
मरांडी ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
![]()




