तेनुघाट। तेनुघाट थर्मल पावर स्टेशन (टीटीपीएस) द्वारा जलाशय क्षेत्र के निकट डंप किए गए फ्लाइ ऐश (छाई) को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इस मामले में तेनुघाट बांध प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने 15 जून 2026 को ही टीटीपीएस महाप्रबंधक को पत्र लिखकर कड़ी आपत्ति जताते हुए डैम परिसर से छाई हटाने का निर्देश दिया था।
इसके बाद जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता (मॉनिटरिंग), रांची ने भी 28 जुलाई को पत्र जारी कर जलाशय क्षेत्र में डंप किए गए फ्लाइ ऐश को तत्काल हटाने को कहा। पत्र में छाईयुक्त पानी के जलाशय में जाने से संभावित नुकसान और खतरे का उल्लेख करते हुए बांध सुरक्षा अधिनियम के तहत शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
तेनुघाट बांध स्थापित संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष उमाचरण रजवार ने बताया कि मुख्य अभियंता का पत्र मिले दस दिन बीत चुके हैं। इस दौरान लगातार बारिश हो रही है, लेकिन टीटीपीएस प्रबंधन छाई के बहाव को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा पाया है। उन्होंने कहा कि किए गए उपाय नाकाफी हैं और बारिश के पानी के साथ छाई तेजी से जलाशय में पहुंच रही है।
श्री रजवार ने चेतावनी दी कि यदि यही स्थिति बनी रही तो सैकड़ों टन छाई जलाशय में प्रवेश कर सकती है, जिससे पर्यावरण और जल गुणवत्ता पर गंभीर असर पड़ेगा। उन्होंने जल संसाधन विभाग से मांग की है कि जलाशय में बहकर पहुंचे छाई का आकलन कर उसकी सफाई कराई जाए तथा इसका खर्च टीटीपीएस से वसूला जाए।