हजारीबाग (संवाददाता):
हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरहर पुल के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया, जिसके बाद उसके केबिन में भीषण आग लग गई। हादसे के समय चालक केबिन में फंस गया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से उसकी जान बच गई।
पुलिस के अनुसार, कंटेनर (संख्या NL 10AF 9969) गोरहर पुल के समीप अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और देखते ही देखते केबिन आग की लपटों में घिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही गोरहर थाना प्रभारी रवि रंजन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने साहस का परिचय देते हुए कंटेनर के केबिन का दरवाजा तोड़कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल चालक की पहचान महेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार चालक की स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।