
गोमिया संवाददाता। गोमिया प्रखंड अंतर्गत साड़म बाजार स्थित श्री श्री संकटमोचन मंदिर में बुधवार की रात चोरों ने दान पेटी को निशाना बनाते हुए उसमें रखे रुपये चोरी कर लिये। मंदिर में लगातार चोरी की घटनाओं से स्थानीय जनप्रतिनिधियों, दुकानदारों और क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है।
बताया जाता है कि बुधवार देर रात चोर मंदिर परिसर में पहुंचे और दान पेटी से पैसे निकालकर फरार हो गये। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
पहले भी हो चुकी है घंटा चोरी
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ महीने पहले भी इसी संकटमोचन मंदिर से घंटा चोरी की घटना सामने आयी थी। इसके बाद अब दान पेटी से रुपये चोरी होने से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। दुकानदारों और क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि मंदिर जैसे धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर चोरी में शामिल लोगों की पहचान और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगायी जा सके।
![]()






