पाकुड़ में पांच दिन का नवजात रहस्यमय तरीके से गायब, डॉग स्क्वायड से तलाश जारी
मुखिया के माध्यम से पुलिस को सूचना


पाकुड़ संवाददाता:
नगर थाना क्षेत्र के महुआ डंगा-तलवा डंगा गांव से पांच दिन के नवजात के रहस्यमय तरीके से गायब होने का मामला गंभीर होता जा रहा है। घटना के 24 घंटे बाद भी नवजात का कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने अब खोजी कुत्ते की मदद ली है।
मंगलवार को दुमका सीआईडी डॉग स्क्वायड की टीम गांव पहुंची और नवजात की तलाश में सघन अभियान चलाया। टीम में शामिल ट्रैकर राहुल कुमार और जय जोसेफ मरांडी ने बताया कि बच्चे की खोज के लिए कई संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई सफलता नहीं मिली थी।
घर से कुछ ही मिनटों में गायब हुआ मासूम
जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे महुआ डंगा निवासी रसका सोरेन का पांच दिन का नवजात घर से रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। घटना के समय बच्चे की मां घर से कुछ दूरी पर कपड़े धो रही थी, जबकि दादा-दादी दूसरे कमरे में सो रहे थे। लगभग 20 मिनट बाद जब मां वापस लौटी तो बच्चा बिस्तर से गायब था।
परिजनों ने तुरंत आसपास खोजबीन की, लेकिन नवजात का कोई पता नहीं चला।
मुखिया के माध्यम से पुलिस को सूचना
घटना की जानकारी पंचायत मुखिया नीपू सरदार को दी गई, जिसके बाद नगर थाना पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले को गंभीर मानते हुए डॉग स्क्वायड की मदद ली गई।
घर-घर और खेतों में चला सघन अभियान
डॉग स्क्वायड की टीम ने गांव में घर-घर, झाड़ियों और खेतों में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस भी लगातार जांच में जुटी है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
गांव में दहशत का माहौल
24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नवजात का पता नहीं चलने से गांव में दहशत और चिंता का माहौल है। परिजनों की बेचैनी लगातार बढ़ रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि हर संभव प्रयास कर बच्चे की बरामदगी की जाएगी।
![]()




