देवाकी बाबा धाम में 24 घंटे का महा रुद्राभिषेक शुरू
108 धाराओं से हो रहा जलाभिषेक, प्रयागराज से पहुंचे सात पुरोहित कर रहे वैदिक मंत्रोच्चार

घाघरा (गुमला): देवाकी बाबा धाम में गुरुवार की शाम 3 बजे से 24 घंटे के महा रुद्राभिषेक पूजन का भव्य आयोजन प्रारंभ हो गया। मुख्य आचार्य श्री कल्याण बाबा जी के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ की विशेष आराधना की जा रही है।
इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान बाबा भोलेनाथ का 108 धाराओं से निरंतर जलाभिषेक किया जा रहा है, जिससे पूरा परिसर शिवमय वातावरण में डूबा हुआ है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ रही है और सभी भक्तजन भक्ति भाव से पूजन-अर्चन में शामिल हो रहे हैं।
मुख्य आचार्य श्री कल्याण बाबा जी ने बताया कि इस महा रुद्राभिषेक अनुष्ठान के लिए प्रयागराज से सात अनुभवी पुरोहितों को आमंत्रित किया गया है, जो लगातार वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि यह अनुष्ठान शुक्रवार की शाम 3 बजे तक लगातार चलेगा।

अनुष्ठान के समापन के अवसर पर भगवान भोलेनाथ का महाकाल श्रृंगार किया जाएगा। इसके साथ ही हवन एवं 1000 बेलपत्रों से विशेष अर्चन कर भगवान शिव को प्रसन्न करने का विधान किया जाएगा। अंत में आरती के साथ 24 घंटे का यह महा रुद्राभिषेक पूजन विधिवत संपन्न होगा।
प्रमुख श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति
इस महा धार्मिक आयोजन में प्रधान यजमान के रूप में प्रदीप प्रसाद-लक्ष्मी देवी, संजीत साहू-संध्या देवी, किशोर जायसवाल-वीणा जायसवाल, प्रेम जायसवाल-प्रेमा जायसवाल, अनिल प्रसाद-रिंकू प्रसाद, नरेश जायसवाल-स्वाति जायसवाल सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।
वहीं आयोजन को सफल बनाने में प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिलीप कुमार, संतोषमणि मिश्रा, आकाश साहू, शिवम मिश्रा, भूषण साहू सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु एवं शिवभक्त शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
यह महा रुद्राभिषेक न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ है, बल्कि क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण का संचार भी कर रहा है।
![]()





