लातेहार। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग ने बुधवार को चंदवा थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। उपायुक्त लातेहार संदीप कुमार के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न स्थानों पर दोपहिया वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान वाहन चालकों के कागजात, यातायात नियमों के पालन समेत अन्य जरूरी बिंदुओं की जांच की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग के अनुसार कुल 35 वाहनों से 63 हजार 500 रुपये का ई-चालान किया गया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। उन्हें हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई। विभाग की ओर से कहा गया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहन चालकों की जिम्मेदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर जिले में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। परिवहन विभाग का यह अभियान मुख्य रूप से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने और लोगों को सुरक्षित सफर के लिए जागरूक करने पर केंद्रित है।