पाकुड़: नगर परिषद सभागार में बुघवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी पर्व—ईद, रामनवमी और सरहुल—को लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में नगर परिषद के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही जलजमाव की समस्या वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
पेयजल व्यवस्था पर विशेष फोकस
नगर क्षेत्र में गंगा जल आपूर्ति को बढ़ाने के लिए हर वार्ड में शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इन शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक घरों को गंगा जल कनेक्शन से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि लोगों को जागरूक कर योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग को अलर्ट रहने को कहा गया। खराब ट्रांसफार्मर और तारों की मरम्मत समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
सफाई व्यवस्था पर सख्ती
नगर परिषद ने सफाई कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और वार्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया। मुख्य सड़कों, बाजारों और पूजा स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने की बात कही गई।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयसीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया, ताकि शहर में शांति और व्यवस्था बनी रहे।
नगर परिषद ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और स्वच्छता व व्यवस्था बनाए रखने में अपनी भागीदारी निभाएं।