पाकुड़, रविवार। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने रविवार को ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की विधि-व्यवस्था से संबंधित आवश्यक पहलुओं की गहन जांच की तथा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने वहां सुरक्षित रखी गई ईवीएम मशीनों, सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य तकनीकी उपकरणों की स्थिति और रखरखाव का जायजा लिया। वेयरहाउस परिसर में सुरक्षा प्रोटोकॉल, प्रवेश-नियंत्रण प्रणाली तथा निगरानी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
उल्लेखनीय है कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी को प्रत्येक माह वेयरहाउस के बाहरी परिसर तथा प्रत्येक तीन माह में आंतरिक हिस्से का निरीक्षण करना अनिवार्य होता है। निरीक्षण के उपरांत रखरखाव एवं तकनीकी उपकरणों की स्थिति से संबंधित प्रतिवेदन मंत्रीमंडल निर्वाचन विभाग, रांची को समर्पित किया जाता है।
निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन विभाग के कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा संबंधित प्रतिवेदन समय पर मंत्रीमंडल निर्वाचन विभाग, रांची को भेजने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी, मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष/सदस्य एवं निर्वाचन कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।