पाकुड़। शनिवार को “प्रोजेक्ट जागृति- बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के अंतर्गत एनीमिया नियंत्रण, नियमित टीकाकरण, प्रथमचक्र कीटनाशी छिड़काव तथा मास ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन 2026 से संबंधित जिला स्तरीय एक दिवसीय समीक्षात्मक सह उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन रविन्द्र भवन में सफलतापूर्वक किया गया।
कार्यशाला में उमंग दिवस प्रशिक्षण, एनीमिया मुक्त समाज के निर्माण, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के नियमित टीकाकरण, वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम हेतु कीटनाशी छिड़काव तथा फाइलेरिया उन्मूलन के लिए संचालित मास ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन अभियान की प्रभावी क्रियान्वयन रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने पिछले वर्ष सराहनीय कार्य किए हैं, किंतु इस वर्ष और अधिक समर्पण एवं एकाग्रता के साथ लक्ष्य प्राप्ति हेतु कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, निरंतर मेहनत और टीम भावना से ही जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकता है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों को मिशन मोड में लागू करते हुए लक्षित लाभुकों तक शत-प्रतिशत सेवाएं पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। संबंधित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए जनजागरूकता बढ़ाने और घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि “प्रोजेक्ट जागृति” का उद्देश्य जिले के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना, रोगों की रोकथाम सुनिश्चित करना तथा जागरूकता के माध्यम से स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।
सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को निरंतर जागरूक किया जा रहा है और सभी योजनाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की टीम विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर जाकर एनीमिया, टीकाकरण, किशोर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित विषयों पर जागरूकता अभियान चला रही है।
इस कार्यशाला में सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सभी प्रोग्राम ऑफिसर, डीपीएमयू, बीपीएमयू, सीएचओ, एमपीडब्ल्यू, एमटीएस, केटीएस, सहिया एवं छिड़काव कर्मियों सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न स्तरों के कर्मियों ने भाग लिया और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त किया।