मनिका/लातेहार, मेदिनीनगर(पलामू):- पलामू क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल आज लातेहार जिले के मनिका थाना एवं पलामू जिले के मतगणना केन्द्र का निरीक्षण किया।
मनिका थाना के निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना परिसर, अभिलेखों, मालखाना, हाजत, आगंतुक पंजी, लंबित कांडों की स्थिति तथा विधि-व्यवस्था सहित अन्य कार्यो की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी ने विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग के लिए टीमवर्क के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। डीआईजी ने थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्ती करने, संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखने, सूचना तंत्र को और मजबूत करने, थाना स्तर पर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन करने, फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, वारंट/कुर्की की ससमय तामिला कराते हुए संबंधितों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का स्पष्ट निर्देश दिया।
उन्होंने थाना आने वाले मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा पीड़ितों के साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने की भी नसीहत दी। उन्होंने भ्रामक सूचना एवं अफवाहों जैसी बातों को गंभीरता से लेते हुए इसका सत्यापन करते हुए संबंधित अराजक तत्वों के विरूद्ध ठोस कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।उन्होंने साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लोगों को जागरूकता करने और तकनीकी साक्ष्यों के सुदृढ़ संकलन भी बाते कही। वहीं थाना कर्मियों को अनुशासन, समयपालन और जनता के साथ मित्रवत व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी।
निरीक्षण के मौके पर थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, पुलिस निरीक्षक श्रीमती दुलार चौड़े सहित थाना के पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित रहे।
डीआईजी ने पलामू के मतगनना केन्द्र का भी किया निरीक्षण
डीआईजी किशोर कौशल ने नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के तहत 27 फरवरी 2026 को होने वाले मतगणना को लेकर पलामू जिले के जीएलए कॉलेज के बहुउद्देश्यीय परीक्षा भवन में अवस्थित मतगणना केन्द्र का भी निरीक्षण कर मतगणना कार्य की जानकारी ली। उन्होंने मेदिनीनगर नगर निगम, विश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद नगर पंचायत, हरिहरगंज नगर पंचायत एवं छतरपुर नगर पंचायत के मतगणना के लिए व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त कर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
उन्होंने मतगणना हेतु निर्धारित टेबल एवं मतगणना परिणाम, मतगणना कार्य के पर्यवेक्षण हेतु सीसीटीवी कैमरा का अधिष्ठापन, पुलिस बलों की तैनाती, विधि- व्यवस्था संधारण की व्यवस्था आदि की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष मतगणना हेतु बेहतर विधि व्यवस्था सुनिश्चित कराने हेतु निर्देशित किया। डीआईजी ने अभ्यार्थियों, उनके प्रतिनिधि तथा आमलोगों से भी शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए मतगणना के रुझानों की जानकारी लेने की अपील की है।