पाकुड़ से केशव तिवारी की रिपोर्ट,
पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड अंतर्गत जयपुर पंचायत के पत्थरघाटा गांव में सोमवार को लैंप्स (LAMPs) भवन निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और काम रुकवा दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार बिना किसी पूर्व सूचना के जेसीबी मशीन लेकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया, जिससे गांव में आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर निर्माण किया जा रहा है, वहां उनके पूर्वज पारंपरिक पर्व-त्योहार मनाते आए हैं और उसी मार्ग से जाहिरथान जाने का रास्ता भी है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस स्थान पर लैंप्स भवन का निर्माण किया गया तो वे आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के साथ बैठक कर सहमति लेना आवश्यक है।
मौके पर लैंप्स सचिव नयाग्राम निवासी जोशीमुद्दीन शेख, अमृतपुर निवासी चंचल मंडल और रामपुर निवासी अबसुद्दीन शेख मौजूद थे। हालांकि ठेकेदारों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों ने लैंप्स सचिव समेत संबंधित लोगों को घेरकर निर्माण कार्य को तत्काल रोक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे और बिना सहमति के किसी भी हालत में निर्माण कार्य नहीं होने देंगे।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।