प्रेम कुमार साहू,
घाघरा (गुमला)घाघरा प्रखंड में पुराने पेट्रोल पंप के समीप शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक बोलेरो ने बॉक्साइट लदे ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो में सवार पांच लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का चालक स्टेयरिंग में फंस गया। वाहन में सवार अन्य चार लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो ट्रक में फंस गई और ट्रक लगभग 30 फीट तक बोलेरो को घसीटते हुए आगे बढ़ गया।
घायलों में हापामुनि निवासी तेतरु उरांव, प्रभात उरांव, डाल्टनगंज निवासी रीता देवी, आदर्श उरांव और आकाश उरांव शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग हापामुनि से महिमानी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मोहनपुर गए थे और लौटने के दौरान यह दुर्घटना हुई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को स्टेयरिंग से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।