भागलपुर :
जिला राष्ट्रीय जनता दल, भागलपुर के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर प्रसाद यादव ने रविवार 01 फरवरी 2026 को आम बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट दिशाहीन और उदासीन है। उन्होंने कहा कि बजट में ऐसा कोई प्रावधान नहीं किया गया है जिससे बिहार प्रदेश को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि बजट में बिहार के लिए उद्योग-धंधों एवं कल-कारखानों की स्थापना को लेकर कोई ठोस घोषणा नहीं की गई है। साथ ही किसानों के हित में भी कोई प्रभावी योजना सामने नहीं आई है। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा या विशेष पैकेज देने की मांग को भी बजट में पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया है।
चंद्रशेखर प्रसाद यादव ने कहा कि बजट में छात्रों, युवाओं, नौजवानों और बेरोजगारों के लिए न तो कोई सुविधा, सहायता और न ही कोई स्पष्ट विज़न प्रस्तुत किया गया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि केंद्र सरकार बिहार के विकास को लेकर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा बिहार की उन्नति-प्रगति को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन इस आम बजट में उन वादों की झलक तक नहीं दिखी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बजट के माध्यम से बिहार के साथ सौतेलापन का व्यवहार किया गया है और इससे राज्य को किसी प्रकार का लाभ मिलने वाला नहीं है।