स्पर्श कुष्ठ रोग, फाइलेरिया एवं सड़क सुरक्षा माह को लेकर दिलाई गई शपथ
पाकुड़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि (शहीद दिवस) के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, उप निर्वाचन पदाधिकारी मोहनलाल मरांडी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि शहीद दिवस देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के प्रति श्रद्धा व सम्मान व्यक्त करने का दिन है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, त्याग एवं बलिदान के आदर्श आज भी समाज को मानवता और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 30 जनवरी से स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान की शुरुआत की जाती है, जिसका उद्देश्य समाज में कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर उपचार के माध्यम से इस रोग का उन्मूलन संभव है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पर्श कुष्ठ रोग उन्मूलन, फाइलेरिया उन्मूलन एवं सड़क सुरक्षा माह के सफल क्रियान्वयन को लेकर शपथ दिलाई तथा सभी से जनजागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इसके अतिरिक्त जिला मुख्यालय स्थित सभी सरकारी कार्यालयों एवं जिले के विभिन्न प्रखंडों के सरकारी कार्यालयों में भी शहीद दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।