3500 किमी की यात्रा का लक्ष्य,अंतिम सपना माउंट एवरेस्ट फतह करने का
घाघरा (गुमला) | रिपोर्ट: प्रेम कुमार साहू,
महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश लेकर पर्वतारोही एवं साहसी महिला पी. समीरा ख़ान गुरुवार को साइकिलिंग करते हुए गुमला जिले के घाघरा पहुँचीं। उनके आगमन पर सरस्वती विद्या मंदिर, नवडीहा एवं सॉलिटेयर एजुकेशनल अकैडमी में उनका भव्य स्वागत किया गया।
बताया गया कि पी. समीरा ख़ान आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले की निवासी हैं और पेशे से पर्वतारोही हैं। उन्होंने वर्ष 2025 में आनंदपुर से अपनी साइकिल यात्रा की शुरुआत की है। इस दौरान वह लगभग 3500 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही हैं।
समीरा ख़ान का अंतिम लक्ष्य माउंट एवरेस्ट तक पहुँचकर यह सिद्ध करना है कि यदि महिलाओं को उचित अवसर और समाज का समर्थन मिले, तो वे हर ऊँचाई को छू सकती हैं। उनकी यह साहसिक यात्रा महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का जीवंत उदाहरण बन रही है।
विद्यालयों में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने कहा कि यदि शिक्षा और हौसला मिल जाए तो कोई भी लड़की अपने सपनों को साकार कर सकती है। पी. समीरा ख़ान की इस प्रेरणादायक यात्रा ने विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं के भीतर आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार किया।
इस अवसर पर घाघरा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत बॉर्डर इलाके से उन्हें रिसीव कर सुरक्षित रूप से घाघरा सीमा तक पहुँचाया।