रिपोर्टिंग प्रेम कुमार साहू
घाघरा/गुमला:- घाघरा प्रखंड के रूकी जाम टोली में बुधवार की सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया, जिसमें 28 वर्षीय मिथुन कुमार की कुएं में गिरकर दर्दनाक मौत हो गई।ग्रामीणों के अनुसार मिथुन अपनी गाय को रस्सी से बांधकर खेत की ओर चराने ले जा रहा था। पंकज भगत के कुएं के पास खूटे के सहारे उसे बांधने का प्रयास कर रहा था। उसी दौरान गाय अचानक भड़क गई और भागने लगी।गाय को पकड़ने के प्रयास में मिथुन बिना मुंडेर वाले कुएं के समीप पहुंचा और संतुलन बिगड़ने से सीधे कुएं में जा गिरा। गहरे पानी में डूबने से उसकी जान चली गई।
ग्रामीणों ने तुरंत बचाने की कोशिश की और छगर (रस्सी) के सहारे मिथुन को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना से एसआई विकास कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया।
मृतक मिथुन कुमार अपने पीछे दो मासूम बच्चों और परिवार को बेसहारा छोड़ गया है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।