लातेहार।रविवार को जिला मुख्यालय लातेहार स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला कार्यालय में दिशोम गुरु एवं झारखंड आंदोलन के पुरोधा शिबू सोरेन की 82वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन झामुमो जिलाध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव के निर्देशानुसार किया गया।
इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वैद्यनाथ राम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत गुरु जी के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने “दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें” के गगनभेदी नारे लगाए।
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री वैद्यनाथ राम ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने आदिवासी, मूलवासी एवं वंचित समाज के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन संघर्ष, त्याग और समर्पण का प्रतीक है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी।
कार्यक्रम के उपरांत झामुमो नेताओं का काफिला लातेहार स्थित गुरुकुल आश्रम पहुंचा, जहां अनाथ बच्चियों के बीच शॉल, फल एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। साथ ही बच्चियों के साथ गुरु जी के विचारों, संघर्ष और आदर्शों पर परिचर्चा की गई।
नेताओं ने बच्चों को गुरु जी के सिद्धांतों पर चलने, शिक्षा को अपनाने और समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों से आए झामुमो कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित थे।