- तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा तय, तैयारी बैठक संपन्न
लातेहार | श्री वैष्णव दुर्गा मंदिर का 32वां स्थापना दिवस आगामी 30 जनवरी को मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर रविवार को मंदिर की कार्यकारिणी समिति की बैठक संरक्षक अभिनंदन प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में तय किया गया कि 28 जनवरी को कलश यात्रा निकाली जाएगी, 29 जनवरी को वेदी पूजन एवं दुर्गा सप्तशती पाठ होगा, जबकि 30 जनवरी को नौ कन्या पूजन के बाद दोपहर 12 बजे से सायं 4:30 बजे तक भंडारा एवं रात्रि 9 बजे से मंदिर परिसर में भगवती जागरण आयोजित किया जाएगा।
बैठक में आयोजन को सफल बनाने हेतु दायित्वों का बंटवारा किया गया। सचिव आशीष टैगोर ने पिछले वर्ष के कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया। वहीं मासिक दानपात्र खोलने पर कोषाध्यक्ष राजू रंजन सिंह ने बताया कि इस माह दानपात्र व अन्य मद से कुल 25 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं।
संरक्षक अभिनंदन प्रसाद ने सभी सदस्यों से दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करने की अपील की, जबकि उपाध्यक्ष कन्हाई प्रसाद अग्रवाल ने आयोजन को भव्य बनाने हेतु सामूहिक प्रयास पर बल दिया।
बैठक में सह सचिव रंजीत कुमार व रविंद्र प्रजापति, आकाश जायसवाल, दीपक विश्वकर्मा, पुजारी रामेश्वर पांडेय, प्रबंधक परितोष ठाकुर व सेविका रेखा देवी तथा वीरनाथ प्रजापति आदि मौजूद थे.