गोमिया। बोकारो एसपी के निर्देश पर पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा के नेतृत्व में विशेष दोपहिया वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट, ट्रिपल लोड, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
जांच अभियान के दौरान कई बाइक चालकों को कड़ी फटकार लगाई गई तथा परिवहन नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। नियम तोड़ने वालों से जुर्माना वसूला गया, जिससे बाइक चालकों में हड़कंप मच गया।
थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें।