बरहरवा।राजमहल प्रखंड अंतर्गत महासिंहपुर पंचायत के जमालपुर मैदान में जे.के. जमालपुर क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन रविवार को हुआ। समापन अवसर पर राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एम.टी. राजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
क्लब के सदस्यों द्वारा मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इसके पश्चात विधायक ने फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मुकाबले का उद्घाटन किया। फाइनल मैच एफसी मुड़माला और जे.के. जमालपुर के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए एफसी मुड़माला ने जीत हासिल की।
टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता टीम एफसी मुड़माला को एक लाख रुपये नकद तथा उपविजेता टीम जे.के. जमालपुर को 80 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, नगर पंचायत प्रशासक सह सीडीपीओ दानिश हुसैन, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि राजेश मंडल, अजय दास, विकास यादव, सुभाष चंद्र दास, बिंदेश्वरी यादव, श्रवण मंडल सहित झामुमो के कई कार्यकर्ता एवं क्लब के सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने खेल को युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम बताते हुए ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने की बात कही। आयोजन को सफल बनाने में जे.के. जमालपुर क्लब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।