बरहड़वा।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहड़वा में सोमवार को डॉ. अभय चौधरी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में संचालित टीकाकरण अभियान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान टीकाकरण के निर्धारित लक्ष्यों, वर्तमान प्रगति, आगामी रणनीति तथा अभियान के संचालन में आ रही बाधाओं पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति पर जोर देते हुए जमीनी स्तर पर समन्वय मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर नियमित टीकाकरण को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रखंड क्षेत्र की सभी सहियाओं को प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया गया, ताकि लाभार्थियों तक सेवाएं समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंच सकें।
बैठक में बीपीएम संजय कुमार सिंह, डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि पवन कुमार, बीटीटी रासबिहारी दास, इंदुबाला देवी, भोला पंडित, श्रवण सोरेन, चंदन कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।