लातेहार: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री उत्कर्ष गुप्ता ने आज ईवीएम–वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखे गए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वोटर वेरीफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) उपकरणों की भौतिक स्थिति, रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण का विस्तृत अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परिसर की सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, तैनात सुरक्षा बल, अग्निशमन यंत्र और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने तैनात सुरक्षा बलों को अपने कार्य एवं दायित्वों के प्रति सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और निर्वाचन से जुड़े सभी निर्देशों एवं मानकों का पालन पूरी तत्परता से किया जाए।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष उपेंद्र शर्मा, अरुण दुबे, मंगेश्वर राम और निर्वाचन कार्यालय के कर्मी भी उपस्थित थे।