पतना। बीएसके कॉलेज में इंटर (12वीं) परीक्षा प्रपत्र भरने की प्रक्रिया जारी है, लेकिन सत्र 2021–23, 2022–24 और 2023–25 के वे विद्यार्थी, जो पूर्व में वार्षिक परीक्षा दे चुके हैं और अनुत्तीर्ण हो गए थे, इस बार दोबारा परीक्षा नहीं भर सकेंगे। कॉलेज में इंटर की पढ़ाई का यह अंतिम बैच है, जिसके कारण छात्रों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
नियमों के अनुसार अब ऐसे विद्यार्थियों को सीधे स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) लेकर किसी प्लस-टू विद्यालय में नए सत्र में पुनः नामांकन कराना होगा, तभी वे फिर से इंटर की परीक्षा दे सकेंगे।
इस निर्णय से छात्रों में रोष व्याप्त है। छात्र नेता दानिनाथ महतो ने कहा कि डिग्री कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई बंद की जा रही है, इसलिए वर्ष 2023, 2024 और 2025 में अनुत्तीर्ण हुए परीक्षार्थियों को जैक द्वारा वर्ष 2026 में परीक्षा देने का अवसर मिलना चाहिए था। इंटर विद्यार्थियों को दूसरी बार परीक्षा में शामिल नहीं होने देना, छात्रहित के खिलाफ है और इससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा।