सतबरवा से दिनेश यादव की रिपोर्ट,
पलामू/सतबरवा। प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र अंतर्गत दुलसुलमा देवी मंडप के पास मलय डैम की नहर पर बना पुल काफी समय से जर्जर और टूटा हुआ था। लंबे इंतजार के बाद पुल का निर्माण कार्य शुरू तो हुआ, लेकिन यह कछुए की रफ्तार से चल रहा है। निर्माण में जिस तरह की लापरवाही सामने आ रही है, उससे ग्रामीणों में नाराजगी के साथ-साथ दुर्घटना का भय भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क दुलसुलमा पंचायत को सतबरवा से जोड़ने वाली मुख्य सड़क है। रोजाना सैकड़ों बच्चे इसी मार्ग से स्कूल जाते हैं, जबकि बड़ी संख्या में राहगीर भी आवागमन करते हैं। ऐसे में निर्माण स्थल पर सुरक्षा की कोई व्यवस्था न होना किसी भी बड़े हादसे को दावत दे रहा है।
ठेकेदार की गंभीर लापरवाही
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण स्थल पर
- न तो रेडियम पट्टी लगाई गई है,
- न बांस का बैरिकेट खड़ा किया गया है,
- और न ही कार्य प्रगति का कोई बोर्ड लगाया गया है।
अंधेरे में राहगीरों और बच्चों के फिसलने या नहर में गिरने की आशंका लगातार बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण स्थल पर सुरक्षा के सभी मानकों को लागू कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ग्रामीण बोले — “हादसा होने के बाद जागेंगे जिम्मेदार?”
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।