बरहड़वा: नगर पंचायत क्षेत्र के नया टोला युवा समिति, बरहरवा द्वारा रविवार को संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय क्रॉस कंट्री सीजन-4 महिला दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की इस प्रतियोगिता में संथाल परगना के छह जिलों से कुल 129 महिला प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि कांग्रेस जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, निवर्तमान नगर उपाध्यक्ष लोकेश कुशवाहा, पल्स टू उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक अभिनव शास्त्री, भाजपा नेत्री ललिता पासवान, दीनानाथ साहा एवं निताय सरकार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
दौड़ नया टोला से शुरू होकर हाटपाड़ा, बंगालीपाड़ा, कालीतल्ला, काहरपाड़ा, बरहरवा थाना, सब्जी मंडी, स्टेशन चौक, मेन रोड, पतना चौक, कुशवाहा टोला होते हुए कार्यक्रम स्थल पर समाप्त हुई।
प्रतियोगिता में गोड्डा की काजल कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया और उन्हें 21 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई।
द्वितीय स्थान दुमका की सिलवंती सोरेन को मिला, जिन्हें 15 हजार रुपये और ट्रॉफी दी गई।
तृतीय स्थान देवघर की मनाली सिन्हा ने प्राप्त किया और उन्हें 10 हजार रुपये सहित ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा चौथे से तेरहवें स्थान पर रहने वाली प्रतिभागी — रेशम कुमारी (गोड्डा), सोहनी हांसदा (दुमका), दिव्या मुर्मू (पाकुड़), रौशनी कुमारी (साहिबगंज), छोटी कुमारी (साहिबगंज), मंजू मरांडी (गोड्डा), रेशमा कुमारी (साहिबगंज), चुमकी कुमारी (साहिबगंज), पुतुल हेंब्रम (देवघर) और संतरी हेंब्रम (दुमका) — को भी आकर्षक पुरस्कार दिए गए।
मुख्य अतिथि बरकत खान ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह युवाओं के भविष्य को नई दिशा देता है। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण के लिए मिसाल बताया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष विजय यादव सहित गौरव झा, सौभिक सरकार, ऋषभ कुमार, अजय यादव, राजीव रंजन, मानव दास, शेखर, निताय, मंतोष, मनोज, कार्तिक आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।