बरहड़वा।आम जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र के जामपुर पंचायत भवन में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, सांसद प्रतिनिधि अब्दुल कादिर, कार्यकारी बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक दास, बीडीओ सन्नी कुमार दास, सीओ अनोज कुमार एवं झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में जामपुर पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने विभिन्न स्टॉलों पर जाति, आय, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अनेक सेवाओं से संबंधित आवेदन जमा किए।
इस दौरान जामपुर निवासी जगदीश रविदास द्वारा वृद्धा पेंशन के लिए दिए गए आवेदन को बीडीओ सन्नी कुमार दास ने मौके पर ही स्वीकृत किया। कई अन्य लाभुकों के आवेदनों को भी तत्क्षण स्वीकृति प्रदान कर स्वीकृति पत्र दिए गए।
विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने कहा कि “झारखंड की अबुआ सरकार आम जनता को सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ दिलाने के लिए अधिकारियों को गांव-गांव भेज रही है। शिविर में दिये गये योग्य आवेदनों को प्राथमिकता के साथ निपटाया जाएगा।”
नगर पंचायत बरहड़वा के शिविर में मिले कई आवेदन
नगर पंचायत बरहड़वा द्वारा वार्ड 12 एवं 13 के लिए अरवन हेल्थ वेलनेस सेंटर, खेतौरीपाड़ा में शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का उद्घाटन कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार, नगर प्रबंधक पुरुषोत्तम देव, महफूज आलम, झामुमो नगर अध्यक्ष धर्मवीर महतो, नगर सचिव मो. इकबाल हुसैन तथा निवर्तमान वार्ड पार्षद पवित्रम साहा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में राशन कार्ड, श्रम निबंधन, होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, शिक्षा, स्वास्थ्य, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, विवाह निबंधन, पीएम आवास योजना (शहरी), एमएसवाई जॉब कार्ड सहित कई सेवाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे।
वार्ड 12 एवं 13 के निवासियों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन जमा किए।
कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की जांच कर योग्य आवेदनों को स्वीकृति दी जाएगी।
मौके पर जयनाथ सिंह, उमेश मंडल, हीरालाल साहा, मुकेश कुमार, सीता देवी, बिक्रम चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद थे।