पतना।/बरहरवा।
रांगा थाना क्षेत्र के बरहरवा–राजमहल मुख्य पथ पर बड़ा दिग्घी के पास बुधवार को चलती टेम्पू से गिरकर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में महिला की गोद में बैठी डेढ़ साल की बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई।
जानकारी के मुताबिक टेम्पू (JH18B 8052) तिनपहाड़ से बरहरवा की ओर सवारियों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान बड़ा दिग्घी चौक के पास अचानक पहाड़पुर निवासी बसंती कुमारी (28) अपनी बच्ची के साथ टेम्पू से सड़क पर गिर पड़ी। गिरने से बसंती कुमारी के सिर के पीछे गंभीर चोट आई और वह वहीं पर बेहोश हो गई।
टेम्पू चालक ने तुरंत गंभीर हालत में महिला को उठाकर सीएचसी बरहरवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला की गोद में बैठी बेटी हादसे में सुरक्षित रही, जिससे परिजनों में थोड़ी राहत की भावना दिखी।
उधर घटना की जानकारी मिलते ही रांगा थाना के एएसआई परमजीत राम दल-बल के साथ सीएचसी बरहरवा पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।