बोरियो।
प्रखंड मुख्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित खैरवा पंचायत का रामपुर बांसजोरी गांव आज भी विकास की मुख्यधारा से कोसों दूर है। लगभग 500 की आबादी वाले इस गांव में बिजली और पानी की सुविधा तो मौजूद है, लेकिन अब तक एक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है।
गांव में आजादी से लेकर अब तक सड़क का अभाव लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। ग्रामीण खेतों की मेड़ और पगडंडी के सहारे आने-जाने को विवश हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कच्ची सड़क कीचड़युक्त हो जाने से पैदल चलना तक कठिन हो जाता है।
ग्रामीण ठाकुर सोरेन, कावले सोरेन, लखन मुर्मू, बाबूजी सोरेन, मुंशी बेसरा, मरांग बेसरा, अनिता हांसदा, झारपो सोरेन, बैजून किस्कू और कुंवर किस्कू ने बताया कि सड़क नहीं होने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कत होती है। साथ ही, बीमार पड़ने की स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल ले जाना भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और उपायुक्त से मांग की है कि रामपुर बांसजोरी गांव तक शीघ्र पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि उन्हें बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से निजात मिल सके।