लातेहार जिले के बारियातू थाना क्षेत्र स्थित फूलबसिया रेलवे साइडिंग शनिवार रात उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा जब हथियारबंद अपराधियों ने लेवी वसूलने की नीयत से यहां हमला कर दिया। चार की संख्या में आए अपराधियों ने करीब साढ़े नौ बजे अंधाधुंध फायरिंग की और एक खड़ी हाइवा (पंजीयन संख्या JH 02B-02B-715) में आग लगा दी। देखते ही देखते पूरा वाहन जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, उक्त हाइवा हजारीबाग जिले के बड़का ग्राम निवासी कुलदीप साव की थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सात खोखा व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने ली है। गैंग की ओर से मौके पर एक पर्चा छोड़ा गया है और फेसबुक पर एक धमकी भरा पोस्ट भी वायरल हुआ है। पोस्ट में लातेहार, चतरा और बालूमाथ के कोयला कारोबारियों को बिना “मैनेज” काम नहीं करने की चेतावनी दी गई है।
पोस्ट में तीन व्यवसायियों — चेतलाल रामदास, सुशांत सिंह राजपूत और रामस्वरूप पांडेय — का नाम लेकर जान से मारने की धमकी दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट की भी सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना लेवी वसूली के इरादे से अंजाम दी गई है और अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।