लातेहार:- सदर थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन स्थित बाजारटांड के समीप रात करीब 9:10 बजे अज्ञात अपराधियों ने शहीद वीरेंद्र शर्मा चौक के समीप पीसीसी सड़क निर्माण करा रहे स्टेशन निवासी संवेदक अजित शर्मा को टारगेट कर गोली चलायी है।
इस घटना में वे बाल-बाल बच गए। गोली उनके सिर के ऊपर से पार हो गयी। प्रत्यक्षदशियों के अनुसार एक बाइक पर सवार होकर दो अपराधी आये थे, जिस समय यह घटना हुई, उस समय आसपास कई लोग मौजूद थे।
फायरिंग की घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गयी, जब तक लोग कुछ समझ पाते फायरिंग के बाद दोनों अपराधी स्टेशन बाजार चौक के रास्ते भाग निकले। घटनास्थल पर तीन गोली के खोखे देखे गये हैं। वहीं संवेदक शर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर लेवी के लिए बार-बार फोन आ रहा था। फोन आ रहे नंबर को मैंने ब्लॉक कर दिया था। उन्होंने आशंका जाहिर की है कि लेवी के लिए ही अपराधियों ने गोली चलायी है।
इधर मामले की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर एसडीओ अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन में जुट गए हैं। उन्होंने कहा है कि पुलिस जांच में जुट गयी है। जल्द ही पूरे मामले को लेकर अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी और दोषी पकड़े जायेंगे। एसडीपीओ ने कहा कि क्षेत्र में शांति रहेगी।