राँची:-झामुमो की ओर से रांची के मोराबादी स्थित बापू वाटिका के समक्ष 10वें दिन शनिवार को चतरा जिलाध्यक्ष पंकज प्रजापति की अध्यक्षता में उपवास कार्यक्रम संपन्न हुआ।मौके पर पंकज प्रजापति ने कहा कि हेमन्त सोरेन को बहुत दिनों से प्रताड़ित किया जा रहा है। बेवजह कोई ठोस साक्ष्य नहीं होने पर भी उनको जेल भेजा गया। ईडी तो चेहरा है। इसके पीछे केंद्र की भाजपा सरकार की साजिश है। झारखंड जैसे पिछड़े राज्य को हेमन्त सोरेन आगे बढ़ाने का काम कर रहे थे। पहली बार कोई सरकार गांव-गांव तक सभी के दरवाजे तक पहुंची है। आदिवासी, दलित, अल्पसंख्यक और पिछड़ा विरोधी केंद्र की भाजपा सरकार को यहीं बात नहीं पची कि हेमंत सोरेन सभी को हक अधिकार दिला रहे हैं।रांची जिला अध्यक्ष मुस्ताक आलम ने कहा कि हेमंत सोरेन को लगातार केंद्र की ओर से प्रताड़ित करने के विरोध में बापू वाटिका के समक्ष चल रहे उपवास कार्यक्रम का आज 10वां दिन है और आज चतरा जिला से कार्यकर्ता आए हैं। केंद्र की तानाशाही का हम विरोध तब तक करते रहेंगे जब तक हेमन्त सोरेन को न्याय नहीं मिलता.