पाकुड़ | 16 मार्च
आगामी ईद-उल-फितर, सरहुल और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर नगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान सभी से पर्वों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की गई।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि रामनवमी का जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा और जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के नियमों का उल्लंघन नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही डीजे का प्रयोग नहीं करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
पुलिस पदाधिकारियों ने लोगों से कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने से बचें। यदि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने आपसी सहयोग, समन्वय और भाईचारे के साथ क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखते हुए सभी पर्वों को मनाने का संकल्प लिया।