Jharkhand:हजारी बस्ती में आयोजित नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान रविवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हो गया। महायज्ञ के चौथे और अंतिम दिन लगभग 300 श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर लोक कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल देखने को मिला।
समापन दिवस पर कई महत्वपूर्ण संस्कार भी संपन्न कराए गए। इस दौरान पुंसवन संस्कार, विद्या आरंभ संस्कार तथा पांच लोगों का दीक्षा संस्कार कराया गया। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में भाग लेकर अपने जीवन को आध्यात्मिक मार्ग पर चलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में मंत्री श्री योगेंद्र प्रसाद जी का आगमन हुआ। उनके पहुंचने पर यज्ञ समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री जी ने कहा कि गायत्री परिवार से उनका पुराना जुड़ाव रहा है और समाज व धार्मिक कार्यों में वे हमेशा सहयोग करने के लिए तैयार रहेंगे।
समापन समारोह के दौरान यज्ञ समिति की ओर से अतिथियों और कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया। यज्ञ समिति के अध्यक्ष हरि प्रजापति ने मंत्री जी का स्वागत किया, जबकि कोषाध्यक्ष मनोज प्रजापति ने उन्हें मंत्र पट्टा भेंट किया। इसके साथ ही सचिव हीरालाल प्रजापति ने मंत्री जी को मंत्र चादर देकर सम्मानित किया। वहीं प्रखंड समन्वयक हनुमान दयाल सिंह ने धार्मिक साहित्य प्रदान कर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के अंत में भावुक विदाई गीत के साथ टोली को विदाई दी गई। इस दौरान कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और वातावरण भावुक हो उठा। श्रद्धालुओं ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से समाज में सद्भाव, नैतिकता और आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ती है।
महायज्ञ के आयोजन में क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यकर्ता और यज्ञ समिति के सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे। कार्यक्रम में हनुमान दयाल सिंह (प्रखंड समन्वयक), चंद्रभूषण प्रसाद (समाजसेवी), बनवारी लाल श्रीवास्तव, शंकर प्रसाद वर्मा, राहुल कुमार, प्रेम प्रकाश प्रसाद, विनोद रजक, अमित पासवान, गीता देवी, सरिता प्रजापति, गीता प्रजापति, मीरा देवी, पूनम सिंह, अजीत प्रसाद गुप्ता, परमानंद प्रजापति, चंदन कुमार, कुंदन कुमार, प्रशांत सिंह और शिव शंकर दुबे सहित कई लोग उपस्थित रहे।