बरहरवा: Pakur district के Barharwa प्रखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक Nisat Alam ने शुक्रवार को Jharkhand Legislative Assembly में श्रीकुंड और आहूतग्राम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को जल्द चालू करने का मामला उठाया। इस संबंध में उन्होंने विभागीय मंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन भी सौंपा।
मिली जानकारी के अनुसार बरहरवा प्रखंड के श्रीकुंड पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीकुंड तथा आहूतग्राम पंचायत के रहमतपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर, एएनएम और पारामेडिकल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति को लेकर जिले के उपायुक्त द्वारा पद सृजित कर प्रस्ताव राज्य मुख्यालय को भेज दिया गया है।
विधायक निसात आलम ने बताया कि दोनों स्थानों पर अस्पताल के भवन पहले से बनकर तैयार हैं। यदि यहां डॉक्टर, एएनएम और पारामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति हो जाती है तो अस्पतालों को शुरू किया जा सकता है, जिससे स्थानीय लोगों को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल या अन्य दूरदराज क्षेत्रों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर विभागीय मंत्री और अपर मुख्य सचिव से भी बातचीत की गई है। दोनों अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जिला उपायुक्त से रिपोर्ट मंगाई गई है और जल्द ही दोनों अस्पतालों को चालू करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विधायक ने यह भी कहा कि पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में जहां-जहां अस्पताल बनकर तैयार हैं और डॉक्टरों की कमी है, वहां जल्द डॉक्टरों की नियुक्ति कराने के लिए विभागीय मंत्री से बातचीत की गई है। मंत्री ने क्षेत्र में डॉक्टरों की कमी दूर करने का प्रयास करने का भरोसा दिया है।