लातेहार:तेतरिया खांड कोलियरी में हुई दुर्घटना में घायल बालूमाथ प्रखंड के आरा ग्राम निवासी और सीसीएल कर्मी अनुज यादव के इलाज में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। यह आश्वासन जिला परिषद लातेहार की उपाध्यक्ष अनीता देवी ने दिया है।
बताया गया कि इस मामले की निगरानी स्वयं अनीता देवी लगातार कर रही हैं। उन्होंने तेतरिया खांड कोलियरी के प्रोजेक्ट ऑफिसर श्री रावत से दूरभाष पर बातचीत कर घायल कर्मी के इलाज की स्थिति की जानकारी ली। प्रोजेक्ट ऑफिसर ने बताया कि वे स्वयं देवकमल हॉस्पिटल में मौजूद रहकर इलाज की निगरानी कर रहे हैं।
अनीता देवी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि घायल अनुज यादव के इलाज का पूरा खर्च सीसीएल (CCL) द्वारा वहन किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और प्रबंधन की लापरवाही की बात सामने आ रही है, इसलिए कंपनी को इलाज की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।
प्रोजेक्ट ऑफिसर ने बताया कि घायल अनुज यादव फिलहाल खतरे से बाहर हैं और देवकमल हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। साथ ही सीसीएल गांधीनगर अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों ने भी मरीज की जांच की है और इलाज को संतोषजनक बताया है।
इस दौरान अनीता देवी ने घायल अनुज यादव के परिजनों से भी बातचीत कर हालचाल जाना और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उनके इस प्रयास से परिजनों में विश्वास और संतोष का माहौल बना है।