रांची। शहर में अवैध देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार को कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की। Ranchi Police ने एसएसपी के निर्देश पर खेलगांव, चुटिया समेत अन्य इलाकों में दबिश दी। गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध ठिकानों की जांच की गई, जहां से कई युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया गया।
इसी क्रम में Hotel Senate से सेक्स रैकेट संचालित होने का खुलासा हुआ। एसएसपी की स्पेशल क्यूआरटी टीम ने छापेमारी कर तीन कथित दलालों और पांच युवतियों को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन स्थानों पर लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। पुष्टि होने के बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई।
इस अभियान का नेतृत्व सिटी एसपी Paras Rana ने किया। उनके साथ सिटी डीएसपी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। पकड़े गए सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।