- सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता ही दुर्घटनाओं में कमी का सबसे प्रभावी माध्यम : उपायुक्त
पाकुड़।जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक उपायुक्त श्री मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत जिले में संचालित गतिविधियों तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में कमी लाने के क्षेत्र में पाकुड़ जिले ने पूरे राज्य में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं विभागीय टीम को बधाई दी और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
iRAD व eDAR पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टि के निर्देश
सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को समय पर बीमा लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक सड़क दुर्घटना मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर दुर्घटना का विवरण अनिवार्य रूप से iRAD पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सड़क दुर्घटना से संबंधित सभी आवश्यक विवरण eDAR पोर्टल में दर्ज करते हुए फॉर्म संख्या 1 से 10 तक समयबद्ध रूप से पूर्ण कर सबमिट किया जाए, ताकि घायल अथवा मृतक के आश्रितों को बीमा मुआवजा समय पर मिल सके। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने व ओवरलोडिंग पर कार्रवाई
उपायुक्त ने बताया कि लिट्टीपाड़ा के चितलो फाम क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या अपेक्षाकृत अधिक पाई गई है, जिसे भविष्य में ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया जाएगा। उन्होंने ओवरलोडिंग के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि अपनी एवं दूसरों की सुरक्षा के लिए सड़क सुरक्षा नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करें। हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता ही दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा अनमोल जीवन की रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।
बैठक में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, मुख्यालय डीएसपी जितेन्द्र कुमार, महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, डीएसपी अजय आर्यन, जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार, सभी अंचलाधिकारी, खनन निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह, सभी थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।