प्रेम कुमार साहू,
गुमला:- घाघरा थाना क्षेत्र के बालाखटंगा परसाटोली गांव में रविवार सुबह जोसेफ कुजूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक कंडरा के एक ईंट भट्ठा में मजदूरी कर रोजी-रोटी कमाता था।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को वह बूटी बाजार से मछली-सब्जी खरीदकर नशे की हालत में घर लौटा था। उसी दौरान किसी बात को लेकर परिजनों से कहा-सुनी हो गई। विवाद के बाद जोसेफ घर छोड़कर निकल गया और देर रात तक वापस नहीं लौटा।
रात के अंधेरे और जंगल क्षेत्र होने के कारण परिजनों की खोजबीन बेअसर रही।
अगली सुबह गांव के लोग जब शौच के लिए तालाब की ओर गए, तो पेड़ से गमछी के सहारे लटका शव दिखा। करीब जाकर देखने पर पहचान हुई कि वह जोसेफ कुजूर ही है।
सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।स्थानीय लोगों ने तुरंत घाघरा थाना को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया।
पुलिस घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। गांव में शोक की लहर है।