गोमिया।
चॉपी श्रमिक सहयोग समिति लिमिटेड के बैनर तले न्यु गेस्ट हाउस तेनुघाट में समिति की एक सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दिलीप कुमार मुर्मू ने की। इस अवसर पर समिति के सचिव चंदन सिंह गौतम एवं कोषाध्यक्ष बासुदेव राम मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में चॉपी को-ऑपरेटिव सोसाइटी के मजदूरों के स्थाई नियोजन की मांग को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान सोसाइटी के नाम से ट्रिब्यूनल संख्या-1, धनबाद में दर्ज केस संख्या 58/92 के आलोक में प्राप्त निर्णय एवं उच्च न्यायालय से मिले अवॉर्ड का उल्लेख किया गया।
श्रमिकों ने बताया कि उच्च न्यायालय से अवॉर्ड मिलने के बावजूद सीसीएल कथारा प्रबंधन द्वारा अब तक चॉपी लेबर को-ऑपरेटिव सोसाइटी के मजदूरों को स्थाई नियोजन नहीं दिया गया है, जिससे मजदूरों में आक्रोश व्याप्त है।
समिति के सचिव चंदन सिंह गौतम ने कहा कि वर्ष 1992 में ट्रिब्यूनल संख्या-1, धनबाद से सोसाइटी के मजदूरों के हित में आदेश पारित किया गया था तथा उच्च न्यायालय से भी अवॉर्ड प्राप्त है। इसके बावजूद सीसीएल कथारा प्रबंधन द्वारा मजदूरों को स्थाई नियोजन से वंचित रखा जाना न्यायसंगत नहीं है।
उन्होंने कहा कि समिति समय-समय पर सीसीएल महाप्रबंधक, कथारा से मजदूरों के नियोजन की मांग करती रही है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस पहल नहीं की गई। एक बार फिर प्रबंधन से अभिलंब स्थाई नियोजन की मांग की गई है। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि प्रबंधन शीघ्र निर्णय नहीं लेता है, तो समिति आंदोलन करने को बाध्य होगी।
बैठक में रणेन्द्र राम, बासुदेव मांझी, शिवशंकर राम, महावीर तुरी, शांति देवी, चरकी देवी, ममता देवी, मंजु देवी, कलवा देवी सहित दर्जनों महिला-पुरुष सदस्य उपस्थित थे।