गढ़वा। प्रतिनिधि — अनूप कुमार गुप्ता,
गढ़वा। दिनांक 12.12.2025 को जिले के डंडा थाना क्षेत्र में पांच दिन के एक नवजात शिशु की खरीद-बिक्री से जुड़ी गंभीर घटना सामने आई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गढ़वा के निर्देश पर थाना प्रभारी डंडा द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने गुप्तचरों एवं अन्य तकनीकी माध्यमों से समन्वय स्थापित कर नवजात शिशु के माता-पिता का पता लगाया तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के क्रम में डाल्टनगंज में छापामारी कर रिमी देवी एवं उर्मिला देवी के घर से नवजात शिशु को सकुशल बरामद किया गया। इस अवैध खरीद-बिक्री की घटना को अंजाम देने वाले चार अभियुक्तों—सीमा देवी, सतवंती देवी, ब्रह्मदेव शर्मा एवं दिलीप कुमार—को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से नवजात शिशु की खरीद-बिक्री में प्रयुक्त कुल ₹1,31,800 नगद राशि तथा चार मोबाइल फोन भी जप्त किए गए हैं। बरामद नवजात शिशु को बेहतर इलाज एवं देखभाल हेतु उसके परिवार के संरक्षण में सदर अस्पताल, गढ़वा में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।