उधवा।
प्रखंड क्षेत्र में बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को कनीय विद्युत अभियंता चंदन कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने अभियान चलाकर 13 विद्युत उपभोक्ताओं का कनेक्शन काट दिया।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पियारपुर, अमानत दियारा एवं उत्तर पलाशगाछी पंचायत क्षेत्रों में की गई। संबंधित उपभोक्ताओं पर ₹10,000 से अधिक का बिजली बिल बकाया था।
कनीय विद्युत अभियंता चंदन कुमार ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का ₹5,000 से अधिक बकाया है, उनके विरुद्ध विद्युत कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कनेक्शन कटे उपभोक्ताओं को निर्देश दिया कि वे जल्द से जल्द बकाया राशि का भुगतान करें और विद्युत कार्यालय से आरसीडीसी (RCDC) रसीद प्राप्त करने के बाद ही बिजली का उपयोग करें। अन्यथा अवैध रूप से बिजली उपयोग करते पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में लाइनमैन रविन्द्र मंडल, पूरन साहा, अरुण मंडल, प्रकाश मंडल, शौकत शेख, बरकत अली सहित अन्य कर्मी मौजूद थे।