बरहरवा। मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र के खैरबन्नी सहित अन्य मौजा में संचालित क्रशर इकाइयों की मंगलवार को खान निरीक्षक राजेश कुमार ने जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक क्रशर पर जाकर एनजीटी (राष्ट्रीय हरित अधिकरण) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया।
खान निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सभी क्रशर मालिकों के लिए एनजीटी के गाइडलाइन का पालन करना अनिवार्य है। इसी को लेकर विभिन्न क्रशरों का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन न हो।
निरीक्षण में पाया गया कि कई क्रशर अभी भी गाइडलाइन के अनुरूप आवश्यक मानकों को पूरा नहीं कर पाए हैं। इस पर निरीक्षक ने संबंधित क्रशर मालिकों को 30 दिनों के भीतर सभी तय मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं करने वालों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
राजेश कुमार ने यह भी कहा कि जिन क्रशर इकाइयों में कागजात अधूरे पाए गए हैं, उन्हें भी 30 दिनों के अंदर सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण करने होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम और मानकों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।