गोमिया संवाददाता,
गोमिया:- बैंक मोड़ स्थित डोली पैलेस में संचालित डोलो ट्रेड नामक कंपनी द्वारा करोड़ों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। कंपनी पर आरोप है कि उसने आकर्षक ब्याज दरों का लालच देकर लगभग 750 निवेशकों से करोड़ों रुपये ठग लिए और अचानक कार्यालय बंद कर फरार हो गई। दर्जनों पीड़ित निवेशकों ने आईईएल थाना में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।
स्वांग निवासी नीरज कुमार साहू ने बताया कि वर्ष 2022 में करमाली टोला निवासी नरेश करमाली, उनकी पत्नी पिंकी देवी, राहुल करमाली, जारंगडीह निवासी बसंत करमाली, सारस करमाली और स्वांग हजारी बस्ती निवासी सूर्यदेव प्रजापति ने तीन प्रतिशत मासिक ब्याज का लालच देकर उनसे ढाई लाख रुपये निवेश करवाए। कुछ माह तक ब्याज दिया गया, फिर भुगतान बंद कर दिया गया।
कथारा निवासी नवीन कुमार ने बताया कि उन्होंने 4.5 लाख रुपये निवेश किए और रिश्तेदारों के 15 लाख रुपये भी कंपनी में जमा कराए। कुछ महीनों तक ब्याज मिलने के बाद कंपनी ने पोर्टफोलियो “जीरो” होने का बहाना बनाकर पैसा देना बंद कर दिया।
गोमिया निवासी सौरभ कुमार ने भी बताया कि कंपनी ने शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए कुछ समय तक भुगतान किया, फिर कार्यालय बंद कर सभी आरोपी फरार हो गए।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो ने बताया कि ठगी का मामला गंभीर है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी फर्जी निवेश योजनाओं से सावधान रहें।