रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला)
श्रावण माह की अंतिम सोमवारी पर गुमला जिले के सुप्रसिद्ध देवाकी बाबाधाम शिव पार्वती मंदिर में जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। अपराह्न चार बजे तक मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। महिला और पुरुष श्रद्धालु घंटों इंतजार के बाद बारी-बारी से भगवान शिव और माता पार्वती का जलाभिषेक कर मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करते रहे।
मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से देर शाम तक लंगर में हलवा-प्रसाद का वितरण किया गया। इसके साथ ही भक्तों के लिए 120 लीटर दूध से बनी चाय की विशेष व्यवस्था भी की गई, जिसका सभी ने आनंद लिया। मेले में मिठाई व प्रसाद की दुकानों के साथ-साथ झूले पर भी भारी भीड़ देखी गई।
छठ मोहल्ला, घाघरा के भक्तों ने आकर्षक शिवलिंग के साथ विशाल कांवड़ यात्रा निकालते हुए पैदल ही देवाकी बाबाधाम पहुंचकर जलाभिषेक किया।