
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में विगत 25 जुलाई को पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना के बाद अब पीड़ित परिवार को धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। भाजपा पूरे प्रकरण में स्थानीय थाना पुलिस पर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाई।
भाजपाईयों ने पीड़िता के पिता के द्वारा लिखित शिकायत पत्र ज़िले के उपायुक्त को सौंपा तथा बताया कि दक्षिणी करनडीह की वार्ड पार्षद मोनिका हेम्ब्रम उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड सदस्य लगातार केस में समझौता करने का दबाव बना रही है। और दावा कर रही हैं कि पुलिस प्रशासन के कई बड़े अधिकारी उसके साथ हैं। परिवार की ओर से मोनिका हेम्ब्रम के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही बच्ची और उसके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई गई है।
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि भाजपा इस मामले को हर स्तर पर गंभीरता से उठा रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से पीड़ित परिवार को दबाव में लाने का प्रयास हो रहा है, यह निंदनीय है। भाजपा पीड़िता को न्याय मिलने तक पीछे नहीं हटेगी। उधर उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पीड़िता और उनके परिवार को हरसंभव सुरक्षा प्रदान की जाएगी।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह, कार्यालय मंत्री सुबोध झा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा, सुंदरनगर मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा आदि शामिल थे