नगर उंटारी पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के अहिरपुरवा गांव निवासी जयपाल पासवान का पुत्र मोहन पासवान है. पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल टांगी, खून लगा हुआ कपड़ा, जूता, डिस्पोजल गिलास एवं शराब के लिए इस्तेमाल किया गया प्लास्टिक का बोतल बरामद किया है.
15 नवंबर को 6:30 बजे नगर उंटारी थाना क्षेत्र के अहिरपुरवा रेलवे लाइन के बीच एक अज्ञात शव मिलने की जानकारी पुलिस को मिली थी. इसके बाद शव की पहचान उसी गांव के रामानंद पाल के पुत्र राहुल कुमार (26) के रूप में की गयी.राहुल कुमार की मां मुनी देवी ने नगर उंटारी थाने में अज्ञात व्यक्ति पर बेटे की धारदार हथियार से हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
पुलिस ने तकनीकी सबूत, घटनास्थल से मिला सबूत और चश्मदीद गवाह के आधार पर कांड के अभियुक्त मोहन पासवान को गिरफ्तार कर लिया.पूछताछ के दौरान मोहन पासवान ने बताया कि राहुल का उसकी प्रेमिका के साथ अवैध संबंध हो गया था.
उसने राहुल को कई बार समझाया, लेकिन राहुल चोरी-छिपे उससे मिलता था. मोहन ने उसे देखा भी था. इसी बात को लेकर राहुल से उसे नफरत हो गयी थी. मोहन ने राहुल को फोन कर बुलाया था. इसके बाद 14 नवंबर की रात करीब 11 बजे उसने राहुल को हड़िया में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया.
फिर मौका पाकर राहुल की टांगी से काटकर हत्या कर दी. दोनों एक साथ वॉल पुट्टी का काम करते थे.