मनिका:-लातेहार जिला के कई उच्च विद्यालय के शिक्षकों ने चार महीने के बकाया वेतन भुगतान हेतु मनिका विधायक रामचंद्र सिंह के नाम विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव को आवेदन दिया है। वहीं शिक्षकों ने बताया कि विगत चार महीने से वेतन भुगतान नहीं हुआ है साथ ही जनवरी 2022 एवं फरवरी 2022 का एरियर का भी बकाया है जिस कारण से सभी शिक्षक आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में मनमानी एवं भ्रष्टाचार चरम पर है पुराने शिक्षकों के आवंटन से पैसे का लेनदेन करके नव नियुक्त शिक्षकों का एरियर भुगतान दे दिया गया जिससे पुराने शिक्षकों का वेतन भुगतान फरवरी में नहीं हुआ।
वहीं जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में पता करने पर बताया गया कि आवंटन समाप्त हो गया है परंतु यहां के कुछ कर्मी द्वारा पैसे लेनदेन करके नए शिक्षकों,लिपिक एवं अन्य का वेतन भुगतान कर दिया जाता है साथ ही भ्रष्टाचार इतना चरम पर है कि लिपिक का भुगतान बिना अनुपस्थिति विवरणी जमा किए ही कर दिया गया ताकि फिलहाल जो ट्रांसफर-पोस्टिंग चल रहा है उसमें उन्हें रिश्वत मिल सके।
वहीं शिक्षकों के आवेदन प्राप्त होने के उपरांत विधायक रामचंद्र सिंह के द्वारा लातेहार जिला के उपायुक्त को आवेदन देकर शिक्षकों का बकाया वेतन भुगतान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।