राँची:- मांडर के मुड़मा में चार मंदिरों में भगवान की प्रतिमा को रात्रि में असामाजिक तत्वों के द्वारा खंडित कर दिया गया है. सुबह जैसे ही ग्रामीणों को इसकी सूचना मिली, लाठी-डंडों के साथ सड़क पर उतर गए. लोगों ने सुबह ही एनएच-75 को जाम कर दिया. सड़क जाम करने वालों में सबसे ज्यादा महिलाएं हैं. महिला और बच्चे सड़क पर बैठ गए. दो बांस को जोड़कर एनएच पर आवागमन पूरी तरह से ठप कर दिया गया. महिला और बच्चे जय श्रीराम के नारे लगाने लगे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है. मांडर के सर्किल इंस्पेक्टर अवधेश ठाकुर ने बताया कि इस घटना से ग्रामीणों में काफी गुस्सा और आक्रोश है. उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और राजमार्ग को खाली कर देने की अपील की है. सर्किल इंस्पेक्टर ने कहा है कि इस मामले की जांच की जाएगी और जो भी दोषी होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा. उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि वे सड़क को खाली कर दें.